नई दिल्ली, 24 नवंबर 2025: भारत मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताज़ा बुलेटिन में चेतावनी जारी की है कि मलेशिया और मलक्का जलडमरूमध्य के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है और धीरे-धीरे बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। विभाग के अनुसार, 25 नवंबर के आसपास कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के पास एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
IMD ने कहा कि अगले 24 घंटों में दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर यह प्रणाली डिप्रेशन (दबाव क्षेत्र) में बदल सकती है। इसके बाद 26 नवंबर के आसपास यह ‘चक्रवात सेनयार’ का रूप ले सकती है। इसके प्रभाव से 25 से 29 नवंबर के बीच अंडमान से ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
अगले 48 घंटों में चक्रवात बनने की प्रबल संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर और उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 48 घंटों में दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए निम्नानुसार चेतावनी जारी की है:
* अंडमान व निकोबार द्वीप समूह: 25–29 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश
* तमिलनाडु: 25–27 नवंबर तक भारी बारिश
* केरल और माहे: 24–26 नवंबर तक भारी बारिश
* लक्षद्वीप: 24 नवंबर को भारी बारिश
* तटीय आंध्र प्रदेश: 29 नवंबर को भारी बारिश
* तटीय आंध्र प्रदेश और यानम: 24 व 28–30 नवंबर को बहुत भारी बारिश
इस दौरान 65 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और समुद्र में उथल-पुथल होने की चेतावनी भी जारी की गई है।
IMD ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है और तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।






