डॉग स्क्वॉड व कमांडो टीम के साथ थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ व्यापक कार्रवाई
फतेहाबाद, 06 फरवरी (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशे के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस द्वारा लगातार सख्त एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना भट्टू कलां पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
यह अभियान थाना भट्टू कलां प्रभारी उपनिरीक्षक राधे श्याम के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें डॉग स्क्वॉड तथा कमांडो टीम का विशेष सहयोग लिया गया। अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की जांच तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना रहा।
तलाशी अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, गली-मोहल्लों, संदिग्ध ठिकानों व आवागमन वाले मार्गों पर गहन जांच की गई। डॉग स्क्वॉड की सहायता से नशीले पदार्थों की संभावित मौजूदगी वाले स्थानों को विशेष रूप से खंगाला गया, वहीं कमांडो टीम द्वारा क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही आमजन को यह संदेश भी दिया गया कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई सूचना हो, तो वे तुरंत पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत चलाया गया यह अभियान न केवल नशे के खिलाफ सख्त संदेश देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि फतेहाबाद पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी इसी प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।






