चंडीगढ़, 5 फरवरी 2026: पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब भवन में कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की। बैठक में पंजाब और अल्बर्टा के बीच अंतरराष्ट्रीय सहयोग और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
अल्बर्टा सरकार की मंत्री राजन साहनी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल को इन्वेस्ट पंजाब के अधिकारियों ने राज्य में निवेश के अवसरों, औद्योगिक ढांचे और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से जुड़े सुधारों की जानकारी दी। मंत्री साहनी ने पंजाब सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए तकनीक और नवाचार को सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब दीर्घकालिक, टिकाऊ और नवाचार-आधारित अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए प्रतिबद्ध है, जो दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी हों।






