पटियाला, 4 फरवरी, 2026: पंजाब सरकार के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सीनियर सिटीजन स्टेट एक्शन प्लान 2025-26 को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से “हमारे बुज़ुर्ग हमारा मान” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय जागरूकता कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 10 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक बहावलपुर पैलेस (पुलिस लाइन), पटियाला में लगाया जाएगा।
जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जोबनदीप कौर ने बताया कि इस कैंप के दौरान जिले के बुज़ुर्ग नागरिकों को विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुज़ुर्गों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, हड्डियों और आंखों की जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए पहचान, कानों की जांच, स्वास्थ्य देखभाल, होम्योपैथी और आयुर्वेद से संबंधित जानकारी, नियमित जांच तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा बुज़ुर्गों के लिए वृद्धावस्था पेंशन, सीनियर सिटीजन कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा बुज़ुर्गों के कानूनी अधिकारों, सीनियर सिटीजन एक्ट–2007 तथा मुफ्त कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी जाएगी। वहीं आयुष विभाग द्वारा प्राकृतिक एवं पारंपरिक उपचार पद्धतियों तथा योग के माध्यम से बुज़ुर्गों के स्वास्थ्य संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाई जाएगी।
विभाग ने जिले के सभी बुज़ुर्ग नागरिकों से अपील की है कि वे इस कैंप में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इन सुविधाओं का लाभ उठाएं।






