सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्यवाही, ₹10,000 का चालान, वाहन इम्पाउंड
फतेहाबाद, 30 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध फतेहाबाद पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस द्वारा तत्काल प्रभाव से यातायात पुलिस को कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की अनुपालना में यातायात थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जयसिंह द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित वाहन की पहचान की गई। वायरल वीडियो में एक बुलेट मोटरसाइकिल को मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हुए सड़क पर तेज गति से दौड़ाया जा रहा था, जिससे न केवल आमजन को भारी असुविधा हो रही थी बल्कि यातायात नियमों का भी खुला उल्लंघन किया जा रहा था।
जांच उपरांत उक्त वाहन बुलेट मोटरसाइकिल नंबर HR-24Y-3612 को रोका गया। मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए वाहन चालक का ₹10,000 (दस हजार रुपये) का चालान किया गया तथा नियमों के उल्लंघन के कारण वाहन को इम्पाउंड किया गया। इसके उपरांत वाहन से मोडिफाइड साइलेंसर उतरवाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मोडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज अथवा पटाखे जैसी ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इस प्रकार की गतिविधियां ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देती हैं और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।
यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त से सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।






