तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर को मारी टक्कर; चार की मौके पर मौत
ग्वालियर, 30 जनवरी 2026 : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज सुबह घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भिंड रोड हाईवे पर बंटू ढाबे के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने एक वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक भिंड जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे जब वैगनआर कार बंटू ढाबे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी मेहगांव, ज्योति यादव, भूरे प्रजापति और उमा राठौर पत्नी राम राठौर निवासी भिंड के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और कोहरा हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।






