संदिग्ध व्यक्तियों व चिन्हित ठिकानों की सघन जांच, असामाजिक तत्वों को दिया सख्त संदेश
फतेहाबाद, 29 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा जिले में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रतिया क्षेत्र तथा फतेहाबाद शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में विशेष सर्च अभियान चलाया गया।
थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा एवं थाना सदर रतिया प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान रतिया शहर व आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, पूर्व में नशा तस्करी में संलिप्त रहे व्यक्तियों तथा चिन्हित ठिकानों की सघन जांच की गई। पुलिस टीमों द्वारा मौके पर पूछताछ करते हुए आवश्यक रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
इसी क्रम में फतेहाबाद शहर के गुरुनानकपुरा मौहल्ला में पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश के नेतृत्व में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए आमजन से अपील की गई कि नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






