थाना सदर रतिया का औचक निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश-
अपराध व असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर जताई सख्ती-
रतिया, 28 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा): जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने आज रतिया शहर में पैदल भ्रमण कर क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शहर के संजय गाँदी चौक से शुरू होकर मुख्य बाजार मार्ग होते हुए पैदल भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान एसपी जैन ने रास्ते में आम नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों से सीधा संवाद किया तथा उनकी सुरक्षा से संबंधित चिंताओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान डी.एस.पी. नर सिंह, थाना शहर रतिया प्रभारी निरिक्षक पुष्पा सिहाग व सदर रतिया प्रभारी निरिक्षक प्रहलाद, प्रवाचक सहायक उपनिरीक्षक संदीप कुमार और शहर के अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
आमजन में सुरक्षा का भाव और पुलिस की उपस्थिति:
पैदल भ्रमण के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने न केवल पुलिस उपस्थिति का सशक्त संदेश दिया, बल्कि व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने दुकानदारों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
थाना सदर रतिया का औचक निरीक्षण:
भ्रमण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने थाना सदर रतिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का व्यापक दौरा किया, जिसमें मालखाना, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम और सीसीटीएनएस (CCTNS) एंट्री सिस्टम की जांच की। उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर का अवलोकन कर पुलिस स्टाफ की उपस्थिति की जांच की और थाना परिसर की साफ-सफाई को लेकर निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश:
इस मौके पर एसपी जैन ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि:
- क्षेत्र में पूर्ण सतर्कता बनाए रखें और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करें।
- गश्त (Patrolling) को नियमित व व्यवस्थित किया जाए और रणनीतिक स्थानों पर नाकाबंदी लागू की जाए।
- असामाजिक तत्वों और नशा तस्करों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
जनता के प्रति संवेदनशीलता:
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जब भी कोई नागरिक शिकायत लेकर आए, तो उसे नम्रता से सुना जाए और शिकायत का समाधान शीघ्र कर रसीद प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग का उद्देश्य आमजन को सुरक्षा का भरोसा देना है। जनता के साथ व्यवहार में पारदर्शिता और सहयोग होना चाहिए।
कोताही बरतने पर होगी कार्यवाही:
एसपी जैन ने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी अपने कर्तव्य में कोताही बरतेगा, उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






