SYL बैठक पर गवर्नर कटारिया की प्रतिक्रिया
चंडीगढ़, 27 जनवरी 2026: पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने आज चंडीगढ़ के आईटी पार्क और मौली जागरां क्षेत्रों में नए पुलिस थानों की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये पुलिस स्टेशन एक से डेढ़ वर्ष के भीतर बनकर तैयार हो जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे चंडीगढ़ पुलिस को कम जनशक्ति के बावजूद अधिक प्रभावी और बेहतर तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सहायता मिलेगी।
राज्यपाल ने आज SYL (सतलुज-यमुना लिंक) मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के बीच हुई बैठक का स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक बेहद सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी समस्या का समाधान आपसी बातचीत से हो सकता है, तो इससे बेहतर तरीका कोई नहीं हो सकता। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों के विकास को लेकर चिंतित हैं और इसलिए इस बैठक से सकारात्मक परिणामों की उम्मीद की जा रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा पंजाब के लिए अलग राजधानी की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यपाल कटारिया ने स्पष्ट किया कि यह विषय उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के राज्यपाल जरूर हैं, लेकिन सभी के राज्यपाल हैं। अलग राजधानी बनाने का निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाता है और वही इस पर फैसला कर सकते हैं।
चंडीगढ़ के मेयर के कार्यकाल से जुड़े प्रश्न पर राज्यपाल ने कहा कि इस संबंध में उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है और इसमें कुछ समय लग सकता है।






