राजकीय महाविद्यालय भूना में मनाया गया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस
भूना, 25 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा): राजकीय महाविद्यालय भूना में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यवाहक उपायुक्त अनुराग ढालिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम में मतदाता सूची में शत-प्रतिशत कार्य करने वाले कर्मठ बीएलओ एवं निर्वाचन आयोग द्वारा जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय एवं और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण- पत्र देकर सम्मानित किया गया। बेस्ट बीएलओ के रूप में टोहाना से अमनदीप, फतेहाबाद से रामनिवास तथा रतिया से मदन लाल को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक उपायुक्त अनुराग ढालिया ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और युवा वर्ग की भागीदारी से ही लोकतंत्र को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि जिला के 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाएं और चुनाव के दौरान वोट डालकर जागरूक नागरिक होने का कर्तव्य भी निभाएं। जागरूक मतदाता पूरे देश की दिशा और दशा बदलने में सक्षम हैं।
कार्यवाहक उपायुक्त ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे सशक्त माध्यम है और प्रत्येक पात्र नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करे। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं सम्मानित विजेताओं को मतदान की शपथ दिलाई तथा सभी से निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक होकर मतदान करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र ज्यानी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की भूमिका मतदाता जागरूकता में अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करते हैं। मेरा युवा भारत का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने डॉ. किरण बाला के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. सुनील कंबोज द्वारा किया गया। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार राजकुमार सिहाग, एआईपीआरओ नरेन्द्र सोनी, डॉ छोटू राम, डॉ सोम शर्मा, भरत कुमार, प्रो आरती, प्रो सीमा , प्रो रीना, डॉ किरण बाला, प्रो राजबीर उपस्थित रहे।






