मानसा, 24 जनवरी 2026: पंजाब के मानसा जिले में पूर्व महिला सरपंच की गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात को पड़ोसियों द्वारा अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है। हमलावरों ने पूर्व सरपंच के पति पर भी फायरिंग की, हालांकि गोली कार में लगने के कारण वह बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान महिंदरजीत कौर (45), निवासी गांव खिलन के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब पूर्व सरपंच अपने पति के साथ बाइक पर कहीं जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे महिंदरजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानसा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार के एक सदस्य की पहले भी हत्या हो चुकी है। इसी वजह से इस वारदात को पुरानी दुश्मनी या आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।






