चंडीगढ़, 25 जनवरी 2026: सतलुज–यमुना लिंक (SYL) नहर को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच जारी विवाद पर एक बार फिर समाधान की उम्मीद जगी है। लंबे समय से अटके इस मसले को सुलझाने के लिए 27 जनवरी को चंडीगढ़ में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक होने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक सुबह 9:30 बजे हरियाणा निवास में होगी, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आमने-सामने बैठकर बातचीत करेंगे। इस दौरान दोनों राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में SYL नहर से जुड़े कानूनी, तकनीकी और राजनीतिक पहलुओं पर गहन मंथन किया जाएगा, ताकि वर्षों से चले आ रहे इस जल विवाद का कोई व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकाला जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले केंद्र सरकार की मध्यस्थता में भी कई दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में 27 जनवरी की यह बैठक दोनों राज्यों के लिए अहम मानी जा रही है और इसके नतीजों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में खास दिलचस्पी देखी जा रही है।






