1055 पुलिसकर्मी, ड्रोन निगरानी, सीमाओं पर नाके—हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता — पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस
फतेहाबाद, 24 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, निडर और गर्वपूर्ण माहौल प्रदान करने के उद्देश्य से फतेहाबाद जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आगामी 26 जनवरी को हिसार रोड स्थित पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, गरिमामय और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने दी।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि समारोह के दौरान जिलेभर में 1055 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहेंगे। समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों व आधुनिक निगरानी प्रणाली से लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्य समारोह में माननीय उपाध्यक्ष, हरियाणा विधानसभा ध्वजारोहण करेंगे, जबकि टोहाना में विधायक श्री रणधीर सिंह पनिहार एवं रतिया में जिला परिषद चेयरपर्सन श्रीमती सुमन खीचड़ द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्च-पास्ट और विभागीय झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाजार, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबे, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र, झुग्गी-बस्तियां एवं सीमावर्ती इलाके—हर स्थान पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ सादी वर्दी में जवान भी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पंजाब और राजस्थान से लगती सीमाओं पर 10 विशेष नाके स्थापित कर हर वाहन और व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, ताकि समारोह में आने वाले परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपने संदेश में एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि गणतंत्र दिवस हम सबके संविधान, हमारी आज़ादी और हमारे गौरव का प्रतीक है। जिला पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से खड़ी है। लोग निश्चिंत होकर समारोह में भाग लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मिलकर हम इस राष्ट्रीय पर्व को शांति, सौहार्द और गर्व के साथ मनाएँ।






