91.42 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपी गिरफ्तार
रतिया, 24 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा): पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत सीआईए रतिया पुलिस टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को हेरोइन सहित काबू किया है।
सीआईए रतिया प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रिछपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई रघुबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु बस अड्डा महमड़ा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अमरीक सिंह व मलकीत सिंह, पुत्रगण पूर्ण सिंह, निवासी बादलगढ़, भारी मात्रा में हेरोइन लेकर मोटरसाइकिल पर बादलगढ़ से बबनपुर की ओर जाएंगे।
सूचना के आधार पर बादलगढ़-बबनपुर ढाणी रोड, गांव बबनपुर मोड़ टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जिन्होंने पुलिस नाकाबंदी देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से 91.42 ग्राम हेरोइन बरामद हुई ।तथा मोटरसाइकिल को भी सबूत के तौर पर जब्त किया गया।
इस संबंध में थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 12 दिनांक 23.01.2026, धारा 21(B)/61/85 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।






