पतंग लूटने गए 9 वर्षीय बच्चे की खेत में गहरे गड्ढे में गिरने से मौत
जालंधर, 24 जनवरी 2026: बसंत पंचमी के दिन जालंधर में एक बेहद दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। पतंग लूटने के लिए घर से निकले मासूम बच्चे की खेत में करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बसंत पंचमी के दिन हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया था। सुरानसी पेट्रोल पंप के पास मक्सूदा क्षेत्र में एक किसान ने अपनी फसल को बारिश के पानी से बचाने के लिए खेत में करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया हुआ था। दोपहर बाद बारिश रुकने पर बच्चे पतंग उड़ाने लगे और पतंग पकड़ने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े।
इसी दौरान 9 वर्षीय शिवम अनजाने में उस गहरे गड्ढे में गिर गया। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चे डर के कारण घर चले गए और घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। जब शिवम देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान रात करीब 8 बजे खेत में बने गहरे गड्ढे से शिवम का शव बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के परिजनों ने किसान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निजी लाभ के लिए खेत में इतना गहरा गड्ढा खोदा गया, जिसकी वजह से उनके बच्चे की जान चली गई। परिजनों ने प्रशासन से संबंधित किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






