नई दिल्ली, 24 जनवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित 18वें रोजगार मेले के दौरान 61 हजार से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने नियुक्ति पत्रों को “राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण” बताया और युवाओं को संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाई।
पीएम मोदी ने कहा कि नया साल और बसंत पंचमी युवाओं के जीवन में नई शुरुआत लेकर आए हैं। उन्होंने पराक्रम दिवस, गणतंत्र समारोह और राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उल्लेख करते हुए युवाओं से देश की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह सहित आईपीएस, सीआरपीएफ और रक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य सरकारी नौकरियों को “मिशन मोड” में उपलब्ध कराना है और अब तक लाखों युवाओं को इसका लाभ मिल चुका है। उन्होंने भारत की युवा शक्ति, स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिजिटल इंडिया और वैश्विक व्यापार समझौतों से पैदा हो रहे रोजगार अवसरों पर भी प्रकाश डाला।






