नई दिल्ली, 22 जनवरी 2026: दिल्ली में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने भाग लिया।
बैठक में देश और विशेष रूप से पंजाब कांग्रेस से जुड़े कई बड़े नेता मौजूद रहे। इनमें राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे, भूपेश सिंह बघेल और अंबिका सोनी के साथ-साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, विजेंदर सिंगला, अमर सिंह, राणा के.पी. सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।
गौरतलब है कि पंजाब में जातिवाद को लेकर चल रहे विवाद और पार्टी के भीतर मची खींचतान के बीच यह बैठक काफी अहम मानी जा रही थी। हालांकि बैठक के फैसलों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह माना जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं के बीच चल रही आपसी तनातनी को खत्म करने पर सहमति बनी है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सभी नेताओं को मतभेद भुलाकर एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों का मिलकर सामना करने की सलाह दी गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक एकता को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।





