HomeHaryanaहरियाणा को मिलेंगी 250 नई इलेक्ट्रिक बसें

हरियाणा को मिलेंगी 250 नई इलेक्ट्रिक बसें

सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

चंडीगढ़/हरियाणा, 21 जनवरी 2026 :  हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस सेवा योजना के तहत प्रदेश को 250 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलने जा रही है। इस पहल से जहां लोगों को सस्ती, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा मिलेगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

हरियाणा हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में मंजूरी के बाद इस योजना के तहत प्रदेश के पांच जिलों : यमुनानगर, करनाल, पानीपत, रोहतक और हिसार को 50-50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। ये सभी बसें 9 मीटर लंबी होंगी और इनमें करीब 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।

इलेक्ट्रिक बसों के सफल संचालन में चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता को सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार विभिन्न जिलों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर रही है। पानीपत और हिसार में चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि यमुनानगर में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पंचकूला, करनाल और रोहतक में चार्जिंग स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

फिलहाल प्रदेश के कई जिलों में सीमित संख्या में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में कुरुक्षेत्र में 10, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और रेवाड़ी में 5-5, जबकि हिसार में 3 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। पंचकूला में ये बसें हाउसिंग बोर्ड से जीरकपुर और कालका से चंडीगढ़ पीजीआई जैसे प्रमुख रूटों पर संचालित हो रही हैं।

राज्य के विभिन्न शहरों में चल रही इलेक्ट्रिक बस सेवाओं को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कम शोर, आरामदायक सफर और प्रदूषण में कमी जैसे कारणों से लोग इस सेवा को प्राथमिकता दे रहे हैं। आने वाले समय में जैसे-जैसे चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क मजबूत होगा, वैसे-वैसे इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार भी तेज़ी से होगा और लोगों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का और अधिक लाभ मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments