चंडीगढ़, 21 जनवरी 2026: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान भाखड़ा डैम में 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम दर्ज की गई है—अमृतसर में 50 मीटर और बठिंडा में 100 मीटर तक विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई।
उधर, उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल कमजोर पड़ गया है, हालांकि ऊपरी वायुमंडल में हवाओं का एक छोटा सा सिस्टम अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 जनवरी की रात उत्तर-पश्चिम भारत में एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से 22 जनवरी से 24 जनवरी के बीच पंजाब में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।






