धूरी, 20 जनवरी, 2026 : क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, संगरूर द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत ट्रक यूनियन धूरी और के.आर.बी.एल. धूरी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ट्रक ऑपरेटरों और चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही ट्रकों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, संगरूर श्री करनबीर सिंह छीना ने बताया कि उनके कार्यालय द्वारा संगरूर जिले की सभी ट्रक यूनियनों और बड़े औद्योगिक संस्थानों में व्यक्तिगत रूप से जाकर तथा विभागीय टीमों के माध्यम से चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सोनिका बंसल ने चालकों की आंखों की जांच भी की।
इस मौके पर परिवहन विभाग से सहायक परिवहन अधिकारी संगरूर श्री गुरजीत सिंह, ट्रैफिक विंग संगरूर के एएसआई श्री हरदेव सिंह तथा ट्रैफिक पुलिस धूरी के इंचार्ज श्री सतनाम सिंह भी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत में आरटीओ श्री करनबीर सिंह ने बताया कि उनके कार्यालय द्वारा पहले भी समय-समय पर स्कूलों और ट्रक यूनियनों में ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता कैंप लगाए जाते रहे हैं। जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाए जाने के कारण इस दौरान जिले की सभी ट्रक यूनियनों और बड़ी संस्थाओं में ऐसे कैंप लगातार आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए संगरूर जिले में परिवहन विभाग द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और ये प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।
डॉ. सोनिका बंसल ने बताया कि जांच के दौरान चालकों की आंखों की स्थिति का मूल्यांकन किया गया और जरूरतमंदों को मौके पर ही दवाइयां लिखकर दी गईं, जो सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।






