भोगपुर (हरियाणा), 20 जनवरी 2026 : हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को भोगपुर गांव में पूर्व विधायक बलवंत सिंह के आवास पर आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार योग्यता के आधार पर पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियां देने की नीति पर काम कर रही है।
कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सैनी ने 2026 के अंत तक करीब 60 हजार नई सरकारी भर्तियां करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को बिना भेदभाव और सिफारिश के रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि योग्य उम्मीदवारों को उनका हक मिल सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि अनुबंध पर काम कर रहे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने कानून बनाया है। इस कानून के तहत उन्हें वार्षिक वेतन वृद्धि और महंगाई भत्ते जैसे लाभ दिए जाएंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने जानकारी दी कि आईटी सक्षम युवा योजना के तहत प्रदेश के 5,000 युवाओं को आईटी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही भाजपा सरकार सौर ऊर्जा क्षेत्र में भी युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
नेताओं ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम हैं और आने वाले समय में इसका सकारात्मक असर प्रदेश के रोजगार परिदृश्य पर साफ नजर आएगा।






