बोलीं– भाजपा के आरोप झूठे, सिख गुरुओं के प्रति मेरी गहरी श्रद्धा
नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026: दिल्ली विधानसभा से जुड़े विवादित वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी की विधायक और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा हमला बोला है। आतिशी ने कहा कि भाजपा द्वारा उन पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं।
आतिशी ने स्पष्ट किया कि सिख गुरुओं, विशेषकर श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रति उनकी और उनके परिवार की गहरी श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं ऐसे परिवार से आती हैं जहां परिवार का सबसे बड़ा बेटा नियमित रूप से गुरुद्वारा साहिब जाता है, सिख धर्म को अपनाता है और समाज सेवा करता है।
भाजपा नेता कपिल मिश्रा पर निशाना साधते हुए आतिशी ने कहा कि झूठ बोलना उनकी पुरानी आदत है। उन्होंने याद दिलाया कि कपिल मिश्रा पहले भी यह झूठा आरोप लगा चुके हैं कि उन्होंने अपनी आंखों से अरविंद केजरीवाल को पैसे लेते देखा था, लेकिन बाद में उन्हें अदालत के सामने माफी मांगनी पड़ी और स्वीकार करना पड़ा कि उन्होंने झूठ बोला था। आतिशी ने कहा कि इस बार भी सच सामने आएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा ने अपनी घटिया राजनीति के तहत सिख गुरुओं का अपमान किया है। आतिशी के अनुसार, दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वीडियो को एडिट किया गया और सिख गुरुओं के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया।
आतिशी ने आगे कहा कि यही भाजपा है जिसने किसान आंदोलन के दौरान तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे सिख किसानों को खालिस्तानी कहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा सहित भाजपा नेताओं ने उस समय सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया था। आतिशी ने कंगना रनौत, नितिन पटेल और मीनाक्षी लेखी का भी जिक्र करते हुए कहा कि इन नेताओं ने सिखों को खालिस्तानी कहने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
आम आदमी पार्टी नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा को सिख समाज से नफरत है और यह नफरत नई नहीं, बल्कि किसान आंदोलन के दौरान भी साफ तौर पर देखने को मिली थी।






