HomePunjabडेराबस्सी में पेट्रोल पंप पर कार लूट की कोशिश नाकाम, CCTV में...

डेराबस्सी में पेट्रोल पंप पर कार लूट की कोशिश नाकाम, CCTV में कैद हुई वारदात

डेराबस्सी, 20 जनवरी 2026: डेराबस्सी के पास स्थित एवरग्रीन पेट्रोल पंप पर सोमवार तड़के करीब 5 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर एक कार चालक से उसकी गाड़ी लूटने की कोशिश की। पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता के चलते यह वारदात टल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह एक कार चालक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए एवरग्रीन पेट्रोल पंप पर रुका था। इसी दौरान उसके पीछे एक्टिवा पर सवार तीन युवक भी पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पेट्रोल भरवाने लगे। कार में पेट्रोल भरने के बाद जैसे ही चालक गाड़ी में बैठने लगा, तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर कार की चाबी छीनने की कोशिश की।

खुद को घिरता देख कार चालक ने शोर मचा दिया। शोर सुनते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद करीब पांच कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों को अपनी ओर आता देख बदमाश घबरा गए और वारदात को अंजाम दिए बिना ही एक्टिवा पर सवार होकर डेराबस्सी की ओर फरार हो गए।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और उनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी। बदमाशों की एक्टिवा की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी, ताकि पहचान न हो सके। बताया गया कि कार चालक ने टंकी फुल करवाई थी, जबकि बदमाशों ने एक्टिवा में केवल 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया था।

घटना की सूचना तुरंत पेट्रोल पंप मालिकों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments