नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026: भारत की दिग्गज और स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आधिकारिक रूप से प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास लेने की पुष्टि कर दी है। साइना ने बताया कि घुटने की पुरानी चोट के कारण अब उनके लिए प्रतिस्पर्धात्मक बैडमिंटन खेलना संभव नहीं रह गया है।
साइना नेहवाल आखिरी बार वर्ष 2023 में सिंगापुर ओपन में खेलती नजर आई थीं, हालांकि उस समय उन्होंने संन्यास की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की थी। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने अपने करियर को लेकर खुलकर बात की।
साइना ने कहा, “मैंने दो साल पहले ही खेलना बंद कर दिया था। मैंने अपने सिद्धांतों के साथ खेल की शुरुआत की थी और उन्हीं सिद्धांतों के साथ खेल को छोड़ा है। इसलिए मुझे कभी यह जरूरी नहीं लगा कि मैं संन्यास को लेकर कोई औपचारिक घोषणा करूं।”
गौरतलब है कि साइना नेहवाल ने लंदन ओलंपिक 2012 में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह ओलंपिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उन्होंने तीन ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
इसके अलावा साइना ने 2010 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक भी अपने नाम किए। भारतीय बैडमिंटन के स्वर्णिम दौर की प्रतीक रहीं साइना नेहवाल का करियर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।






