लातेहार (झारखंड), 18 जनवरी 2026: झारखंड के लातेहार जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। महुआडांड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओरसा घाटी में यात्रियों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों की मदद के लिए तुरंत एंबुलेंस भेजी गईं, जिनके माध्यम से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद महुआडांड़ का सरकारी अस्पताल घायलों से भर गया है। प्राथमिक उपचार के साथ-साथ गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारियां की जा रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लोध फॉल्स घूमने जा रहे थे। ओरसा घाटी में बस पलटते ही अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, वहीं दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।






