मोहाली, 17 जनवरी 2026: पंजाब की मोहाली पुलिस ने कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान करण डिफाल्टर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात आरोपी ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने हथकड़ियां तोड़कर फरार होने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पूरी रात उसकी तलाश की और शनिवार सुबह उसे ट्रेस कर लिया।
जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने हथियार से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी को कई गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की कानूनी प्रक्रिया के तहत समीक्षा की जा रही है।






