किसानों और पंजाब के हितों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 17 जनवरी 2026: आज दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस मुलाकात के दौरान पंजाब के किसानों, सीमावर्ती क्षेत्रों और राज्य के आर्थिक हितों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है, इसलिए संसद में बीज विधेयक लाने से पहले पंजाब सरकार और राज्य के कृषि विशेषज्ञों से परामर्श करना अनिवार्य किया जाना चाहिए।
उन्होंने सीमा पर लगी कंटीली तार के पार खेती करने वाले किसानों को आ रही समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि पंजाब के पास अतिरिक्त पानी नहीं है और केंद्र सरकार से अपील की कि सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर के मुद्दे को हमेशा के लिए समाप्त किया जाए, ताकि राज्य के हित सुरक्षित रह सकें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब के ग्रामीण विकास फंड (RDF) की लंबित 8,500 करोड़ रुपये की राशि तुरंत जारी करने की मांग की, ताकि गांवों के विकास कार्य प्रभावित न हों। इसके साथ ही फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग से जुड़ी भंडारण (स्टोरेज) संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने यह मांग भी रखी कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) का जनरल मैनेजर (GM) पंजाब कैडर का ही अधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि राज्य की आवश्यकताओं और भौगोलिक परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझा जा सके।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब सरकार द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया।





