फाजिल्का, 16 जनवरी 2026: पंजाब में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब कई जिलों के उपायुक्त (डीसी) कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद गुरदासपुर और मुक्तसर के डीसी कार्यालयों को तुरंत खाली करवा लिया गया, जबकि फाजिल्का में भी प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर पूरे इलाके को सील कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह फाजिल्का के डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाली एक ईमेल प्राप्त होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीसी और एसएसपी कार्यालयों से कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने कार्यालय परिसर के हर हिस्से की गहन जांच की।
तलाशी अभियान के दौरान कार्यालय के कमरों, रिकॉर्ड सेक्शन, बेसमेंट और पार्किंग लॉट तक को खंगाला गया। हालांकि, करीब दो घंटे चली इस कार्रवाई के बावजूद कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धमकी भरी ईमेल में तमिलनाडु से जुड़े एक विवाद का जिक्र किया गया था और डीसी कार्यालय को उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि ईमेल कथित तौर पर एक पाकिस्तानी संगठन के नाम से भेजी गई थी। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरी ईमेल का पता सुबह करीब 9:30 बजे चला। गौरतलब है कि इससे पहले भी अमृतसर, जालंधर और पटियाला के स्कूलों तथा लुधियाना समेत कई स्थानों पर अदालत परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। उन मामलों में भी तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद पुलिस की ओर से इस मामले में औपचारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है।






