नई दिल्ली 16 जनवरी 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। इस वर्ष करीब 40 लाख से अधिक छात्रों ने बोर्ड परीक्षाओं के लिए पंजीकरण कराया है।
कक्षा 10वीं की पहली परीक्षा अंग्रेजी विषय की होगी, जबकि अंतिम परीक्षा 18 मार्च को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर एप्लीकेशन और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की होगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी को उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) विषय से शुरू होकर 4 अप्रैल को मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) के पेपर के साथ समाप्त होंगी।
एडमिट कार्ड को लेकर छात्रों में उत्सुकता बनी हुई है। पिछले वर्षों के रुझानों के अनुसार, CBSE आमतौर पर परीक्षा से 10–12 दिन पहले एडमिट कार्ड जारी करता है। ऐसे में संभावना है कि एडमिट कार्ड 3 या 4 फरवरी 2026 तक जारी किए जा सकते हैं, हालांकि बोर्ड की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के बिना किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमित छात्रों के एडमिट कार्ड उनके संबंधित स्कूलों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि प्राइवेट उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे।






