अमृतसर, 16 जनवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार शाम अमृतसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी उपस्थित रहे।
रात्रिभोज के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को श्री दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) की एक आकर्षक तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा जानकारी में बताया कि राष्ट्रपति ने पंजाब सरकार द्वारा विरासत, संस्कृति और पारंपरिक आतिथ्य को सहेजने और संजोने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति की यह प्रशंसा राज्य सरकार के लिए गर्व का विषय है और इससे पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। यह कार्यक्रम सौहार्द और सम्मान के वातावरण में संपन्न हुआ।






