सोनीपत, 15 जनवरी 2026 : हरियाणा के सोनीपत में इस वर्ष होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को जिला उपायुक्त सुशील सारवान की अध्यक्षता में नगर निगम के कुल 22 वार्डों के लिए आरक्षण ड्रा की प्रक्रिया संपन्न हुई। यह प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम अधिकारियों और पूर्व पार्षदों की मौजूदगी में पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई गई।
ड्रा के अनुसार नगर निगम के वार्ड नंबर 1, 3, 4, 5, 7, 8, 12, 13, 14, 15, 16, 19, 20, 21 और 22 को जनरल श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है। इनमें से वार्ड नंबर 5, 12, 14 और 21 को जनरल श्रेणी की महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है।
वहीं, कुल 22 वार्डों में से वार्ड नंबर 2, 9, 17 और 18 को अनुसूचित जाति श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है। इनमें से वार्ड नंबर 9 और 18 अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 6 को पिछड़ा वर्ग-ए की महिला प्रत्याशी के लिए और वार्ड नंबर 10 को पिछड़ा वर्ग-ए के सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर 11 को पिछड़ा वर्ग-बी की महिला सदस्य के लिए आरक्षित रखा गया है, जिससे पिछड़ा वर्ग-बी की महिलाओं को नगर निगम में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आरक्षण ड्रा प्रक्रिया का उद्देश्य नगर निगम चुनावों में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देना और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाना है। अब आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम चुनावों की तैयारियों में तेजी आने की संभावना है।






