चंडीगढ़, 15 जनवरी 2026 : हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) जल्द ही ग्रुप-डी पदों के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) का आयोजन करने जा रहा है। आयोग ने इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने ग्रुप-सी और ग्रुप-डी पदों पर भर्ती के लिए CET को अनिवार्य कर दिया है। ग्रुप-सी की CET परीक्षा पहले ही आयोजित की जा चुकी है, जिसका स्कोर कार्ड जारी किया जा चुका है और आगे की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में HSSC ने पुलिस विभाग में 5500 पदों पर भर्ती के लिए भी अधिसूचना जारी की है, जिसमें इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
अब आयोग का पूरा फोकस ग्रुप-डी CET परीक्षा पर है। HSSC के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रुप-डी CET की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही ग्रुप-डी CET से संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। ऐसे में ग्रुप-डी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पढ़ाई और तैयारी लगातार जारी रखें ताकि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
ग्रुप-डी CET परीक्षा के आयोजन से राज्य के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता व समान अवसर सुनिश्चित किए जा सकेंगे।






