लंबी, 12 जनवरी 2026: लंबी क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गांव आलमवाला के पास अबोहर माइनर में एक कार के गिर जाने से महिला और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला का पति बाल-बाल बच गया।
यह दर्दनाक हादसा सोमवार रात करीब आठ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि आलमवाला गांव के नजदीक नहर के पुल के पास एक मोड़ पर कार अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे अबोहर माइनर में जा गिरी। हादसे के समय कार में पति-पत्नी और उनकी तीन साल की बेटी सवार थे।
सूचना के अनुसार, कार की खिड़की खुली होने के कारण महिला का पति किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन महिला और उसकी मासूम बेटी पानी में डूब गईं। बाद में दोनों के शव नहर से बाहर निकाल लिए गए।
मृतकों की पहचान 33 वर्षीय सिमरन कौर और उसकी तीन वर्षीय बेटी तकदीर कौर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।






