समराला (लुधियाना), 11 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लुधियाना जिले के समराला क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले माछीवाड़ा साहिब स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण कंवल साहिब में माथा टेका और अरदास की।
गुरुद्वारे में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि पर शीश नवाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गुरुओं ने देश, समाज और धर्म के लिए अपार बलिदान दिए हैं, जिन्हें इतिहास सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा, “गुरुओं के बलिदानों की बदौलत ही आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं।”
दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी से जुड़े विवादित वीडियो मामले पर टिप्पणी करते हुए सैनी ने कहा कि कुछ लोग केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस तरह की हरकतें करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुओं की शिक्षाएं यह स्पष्ट करती हैं कि न सिर्फ गलत बोलना, बल्कि गलत सोचना भी पाप है।
इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब सरकार ने किसानों को वास्तव में कितनी आर्थिक सहायता दी है। सैनी ने कहा, “लोग काम को तरजीह देते हैं, लेकिन यह सरकार केवल बातों के सहारे चल रही है।”
आम आदमी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए नायब सिंह सैनी ने 2,500 रुपये मानदेय के वादे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार के लगभग चार साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं किया गया है।






