HomeWorld Newsन्यूजीलैंड में भीषण गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड में भीषण गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार, बीचों पर उमड़ी भारी भीड़

ऑकलैंड, 11 जनवरी 2026: न्यूजीलैंड में इन दिनों ग्रीष्म ऋतु (दिसंबर से फरवरी) अपने चरम पर है और देश भीषण गर्मी की चपेट में है। रविवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिसे न्यूजीलैंड के लिहाज से बेहद असामान्य और रिकॉर्ड तोड़ माना जा रहा है। उत्तरी द्वीप में जहां तेज गर्मी ने कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए, वहीं दक्षिणी द्वीप में तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

हॉक्स बे क्षेत्र के नेपियर में आज देश का सबसे अधिक तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हेस्टिंग्स में 36.2 डिग्री और गिसबोर्न में 33.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में यह तेज उछाल देखा जा रहा है। ऑकलैंड में भी तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

दक्षिणी द्वीप में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। स्टेट हाईवे-73 पर ओटीरा और आर्थर पास के बीच भारी भूस्खलन के चलते सड़क को बंद करना पड़ा। इसके अलावा मिलफोर्ड साउंड और कैंटरबरी क्षेत्र के कई हाईवे पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है।

फायर एंड इमरजेंसी विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि तेज हवाओं और शुष्क मौसम के कारण आग लगने का खतरा बेहद बढ़ गया है। एंबरली इलाके में आग लगने की एक घटना सामने आई है, जिस पर काबू पाने के लिए जमीनी टीमें तैनात हैं। तेज हवाओं के चलते हेलीकॉप्टर की मदद लेना भी मुश्किल हो रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों का विशेष ध्यान रखा जाए, अधिक से अधिक पानी पिया जाए और बाहर निकलते समय सीधी धूप से बचा जाए।

तेज गर्मी के चलते बीचों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसके कारण ऑकलैंड के कुछ पार्कों और बीचों की ओर जाने वाले रास्तों को वाहनों के लिए अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments