पटियाला, 10 जनवरी 2026: पूर्व इंस्पेक्टर जनरल अमर सिंह चाहल से जुड़े 8.10 करोड़ रुपये के हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार एक आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई। महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार किए गए 48 वर्षीय आरोपी चंद्रकांत ने शुक्रवार को राजिंदरा अस्पताल में दम तोड़ दिया।
चंद्रकांत एक सिम कार्ड डीलर था और उस पर आरोप है कि उसने पूरे धोखाधड़ी नेटवर्क में शामिल आरोपियों और दुबई में बैठे किंगपिन को सिम कार्ड एक्टिवेट कर उपलब्ध करवाए थे। रिपोर्ट के अनुसार, वह शुगर और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित था और ट्रांजिट रिमांड पर पटियाला लाए जाने के बाद से ही उसकी तबीयत खराब चल रही थी।
पटियाला पुलिस चंद्रकांत को 3 जनवरी को पटियाला लेकर आई थी। अगले दिन उसे अदालत में पेश किया गया, जहां 8 जनवरी तक पुलिस रिमांड मंजूर किया गया। इस दौरान हाई ब्लड शुगर के चलते उसकी हालत बिगड़ गई और 5 जनवरी को उसे राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही।
चंद्रकांत के वकील ने अदालत में उसकी जमानत याचिका भी दायर की थी, जिस पर अदालत ने उसके मेडिकल रिकॉर्ड तलब किए थे। हालांकि, रिकॉर्ड पेश किए जाने से पहले ही शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल चंद्रकांत का शव राजिंदरा अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। डॉक्टरों का एक बोर्ड शनिवार को पोस्टमार्टम करेगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।






