नई दिल्ली, 8 जनवरी 2026 : दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज बताया कि नेता प्रतिपक्ष आतिशी से संबंधित एक वीडियो क्लिप को जांच के लिए दिल्ली राज्य फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी को सौंप दिया गया है। इस संबंध में विधानसभा सचिवालय को निर्देश जारी किए गए हैं कि संबंधित वीडियो क्लिप फॉरेंसिक विभाग को उपलब्ध कराई जाए। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर मांगी गई है।
अध्यक्ष ने बताया कि विपक्ष की ओर से आरोप लगाया गया था कि नेता प्रतिपक्ष का वीडियो क्लिप से छेड़छाड़ की गई है। इन आरोपों को देखते हुए और सत्तारूढ़ दल की सहमति से उक्त वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने आगे कहा कि बार-बार सदन में बुलाए जाने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने अब तक विधानसभा के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया है। ऐसे में तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करने के लिए यह जांच कराई जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।






