ढाका, 7 जनवरी 2026: बांग्लादेश के नाओगांव जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चोरी के आरोप में पीछा किए जाने के दौरान नहर में कूदने से 25 वर्षीय हिंदू युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भंडारपुर गांव निवासी मिथुन सरकार के रूप में हुई है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, हाट चकगौरी बाजार इलाके में कुछ लोगों ने मिथुन सरकार पर चोरी का आरोप लगाया और उसका पीछा किया। खुद को बचाने की कोशिश में मिथुन पास की नहर में कूद गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
लगभग चार घंटे चले तलाशी अभियान के बाद गोताखोरों की मदद से मिथुन सरकार का शव नहर से बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जनरल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतक वास्तव में किसी चोरी की घटना में शामिल था या नहीं। मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में बीते कुछ महीनों से हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा और हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में नरसिंगदी जिले में एक हिंदू दुकानदार की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि के रूप में हुई थी।
बताया जा रहा है कि पिछले 18 दिनों में यह छठा मामला है, जिसमें किसी हिंदू व्यक्ति की हत्या हुई है। इन घटनाओं ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






