7 जनवरी 2026: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश की उस मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया है, जिसमें उसने भारत में होने वाले T20 विश्व कप 2026 के मैच न खेलने और उन्हें श्रीलंका शिफ्ट करने की अपील की थी। ICC ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश को अपने सभी निर्धारित मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे, अन्यथा उसके मैचों के अंक काटे जाएंगे और विरोधी टीमों को वॉकओवर मिल जाएगा।
ICC के इस फैसले के बाद बांग्लादेश के सामने दो ही विकल्प बचे हैं—या तो वह टूर्नामेंट का बहिष्कार करे या फिर ICC की शर्तें मानते हुए भारत आकर मैच खेले। यदि बांग्लादेश भारत का दौरा नहीं करता, तो उसे ग्रुप स्टेज के सभी चार मैचों में कुल 8 अंकों का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के चार मुकाबले भारत में तय हैं, जिनमें से तीन कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। ICC ने यह भी संकेत दिया है कि यदि बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जा सकता है।
पूरा विवाद IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया था। हालांकि ICC ने अब साफ कर दिया है कि विश्व कप के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा।






