पेशावर, 5 जनवरी 2026 : पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सोमवार को एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) धमाके में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। यह घटना अशांत लक्की मरवात जिले में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता कुदरतउल्लाह के अनुसार, धमाका लक्की मरवात जिले के बेगुखेल रोड पर नवारा खेल इलाके के पास हुआ। जिस वाहन को निशाना बनाया गया, वह एक सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों को लेकर जा रहा था।
अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. किफायत बेटानी ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
एक अलग बयान में पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद लक्की मरवात के जिला पुलिस अधिकारी (DPO) नजीर खान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेर लिया गया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
डीपीओ नजीर खान के हवाले से बयान में कहा गया कि यह एक “कायराना हरकत” थी, जिसका मकसद क्षेत्र में शांति भंग करना था। उन्होंने कहा कि पुलिस हाई अलर्ट पर है और जान-माल की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
हालांकि वर्ष 2025 के दौरान पाकिस्तान में आतंकियों के मारे जाने की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर रही, इसके बावजूद आतंकवादी हिंसा में इजाफा हुआ है। आतंकवादी हमलों में 34 प्रतिशत और आतंक से जुड़ी मौतों में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में देशभर में कुल 699 आतंकवादी हमले दर्ज किए गए, जिनमें कम से कम 1,034 लोगों की मौत हुई और 1,366 लोग घायल हुए। ये आंकड़े 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से आतंकवादी गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी की ओर इशारा करते हैं।
इसी बीच, एक अन्य घटना में रविवार को लक्की मरवात और बन्नू जिलों में अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा की गई गोलीबारी में तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और एक स्थानीय पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है।






