2.13 करोड़ रुपये की लागत से गांव जखलां को जाने वाली सड़ककी जा रही 18 फुट चौड़ी
धूरी/संगरूर, 2 जनवरी 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए संकल्प के तहत धूरी हलके के गांवों में विकास कार्य तेज़ी से जारी हैं। इसी कड़ी में धूरी से छीटांवाला जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित गांव जखलां में करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं एक साथ युद्धस्तर पर चल रही हैं।
गांव जखलां की सरपंच बिंदर कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में धूरी–छीटांवाला मुख्य सड़क से गांव जखलां तक जाने वाली लगभग 3.80 किलोमीटर लंबी 10 फुट चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 18 फुट किया जा रहा है। इसके साथ ही गांव की दोनों फिरनियों (आंतरिक रिंग सड़कों) को भी 10 फुट से 18 फुट तक चौड़ा किया जा रहा है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और लोगों को अधिक सुविधा मिल सके। यह कार्य मंडी बोर्ड द्वारा 2.13 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चौड़ी की जा रही ये सड़कें गांव मीमसा से गांव भलवान तक आपसी संपर्क को मजबूत करेंगी, जिससे क्षेत्र के निवासियों को आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों और दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।
सरपंच बिंदर कौर ने आगे बताया कि सड़कों के अलावा गांव जखलां में तालाब की सफाई, गांव के पार्क का विकास, आंगनवाड़ी केंद्र में नए कक्ष का निर्माण तथा श्मशान घाट की चारदीवारी बनाने का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। ये सभी विकास कार्य करीब 40 लाख रुपये की लागत से करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गांव जखलां में हो रहे ये विकास कार्य इसकी जीवंत मिसाल हैं।






