कांग्रेस और अकाली दल पर तीखा हमला, सदन में हंगामा
चंडीगढ़, 30 दिसंबर 2025: पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मनरेगा को लेकर केंद्र की मोदी सरकार के साथ-साथ कांग्रेस और अकाली दल पर गंभीर राजनीतिक गठजोड़ के आरोप लगाए। उन्होंने मनरेगा के नए नियम (G-Ram-G) को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार अड़चनें डालकर पंजाब के विकास और गरीब मजदूरों की रोज़ी-रोटी को नुकसान पहुंचा रही है।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने वाले बयान पर तंज कसते हुए CM मान ने कहा कि जो लोग सदन में चार घंटे नहीं बैठ सकते, वे धरना क्या देंगे—ये केवल “बातों के शेर” हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अकाली दल अंदरखाने भाजपा से मिले हुए हैं और केवल दिखावे की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पारंपरिक दलों को पंजाब के गरीबों की कोई चिंता नहीं है और ये जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद सदन में जोरदार हंगामा और नारेबाजी हुई। मान ने दोहराया कि उनकी सरकार पंजाब के गरीबों के अधिकारों के लिए पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।






