दिल्ली जाकर केंद्र से टकराव की मांग
चंडीगढ़, 30 दिसंबर 2025: पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने मनरेगा को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र पर पंजाब सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केवल निंदा प्रस्ताव पारित करना पर्याप्त नहीं है और मुख्यमंत्री भगवंत मान को सभी विधायकों के साथ दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के खिलाफ मजबूती से आवाज उठानी चाहिए।
परगट सिंह ने मांग की कि ‘आप’ सरकार विशेष सत्र के बजाय नियमित विधानसभा सत्र बुलाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा कांग्रेस की देन है, जिससे करोड़ों मजदूरों को रोजगार मिला। केंद्र सरकार द्वारा फंडिंग पैटर्न बदलकर 60:40 किए जाने से राज्यों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में मनरेगा के तहत कम दिन और कम मजदूरी दी जा रही है, जबकि हरियाणा में मजदूरी अधिक है। परगट सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार कॉरपोरेट हितों के लिए मनरेगा को कमजोर कर रही है।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार नियमित सत्रों से बच रही है और अहम मुद्दों पर केवल प्रस्ताव पारित कर औपचारिकता निभा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पंजाब के हितों के लिए निर्णायक कदम उठाने की अपील की।






