नई दिल्ली, 29 दिसंबर 2025: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को संसदीय स्थायी समिति (रक्षा) की बैठक में पूर्व सैनिकों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। सूत्रों के अनुसार उन्होंने भर्ती में कमी, स्वास्थ्य उपचार में आ रही दिक्कतों और स्वास्थ्य मद में अपर्याप्त बजट पर चिंता जताई।
राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व सैनिकों को निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है, क्योंकि सरकारी बकाया का हवाला देकर कई अस्पताल इलाज से इनकार कर देते हैं। उन्होंने कैंसर और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के लिए दी जाने वाली मात्र 75 हजार रुपये की सहायता राशि को नाकाफी बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की।
बैठक का एजेंडा पूर्व सैनिकों के पुनर्वास, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसरों की समीक्षा था।
इससे पहले राहुल गांधी ने देहरादून में त्रिपुरा के छात्र अंजेल चकमा की नस्लीय हत्या की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा पर “नफरत को सामान्य बनाने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत प्रेम और विविधता का देश है और समाज को ऐसी घटनाओं पर चुप नहीं रहना चाहिए। राहुल गांधी ने चकमा परिवार और पूर्वोत्तर के लोगों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की।
इस मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।






