रेवाड़ी 29 दिसंबर 2025: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली–जयपुर हाईवे पर बीती रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ओड़ी गांव के पास गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेवाड़ी के कालका गांव निवासी पवन (30), प्रवीन (25), विक्रम और उनका एक अन्य दोस्त रविवार रात राजस्थान में खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। जब उनकी ईको कार दिल्ली–जयपुर हाईवे पर ओड़ी गांव के पास पहुंची, तभी सामने से गलत दिशा में आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।






