पटियाला, 22 अगस्त ( ) – पटियाला को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की ओर से गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम कार्यालय में मेयर कुंदन गोगिया और कमिश्नर परमवीर सिंह की अगुवाई में प्लास्टिक लिफाफे कारोबारियों के साथ बेहद सकारात्मक माहौल में एक अहम बैठक हुई। बैठक में शहर के कई प्लास्टिक लिफाफे विक्रेता, निगम अधिकारी और अन्य संबंधित लोग मौजूद थे। बता दे कि कारोबारियों ने स्वयं माना कि उन्होंने 50 प्रतिशत स्टॉक पहले ही खत्म कर दिया है और शेष बचे स्टॉक को 10–12 दिनों में खत्म कर देंगे। इसके बाद वे प्लास्टिक थैलियों की बिक्री पूरी तरह बंद कर देंगे।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज के समय की सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। खासकर प्लास्टिक थैलियां न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुँचाती हैं बल्कि निकासी प्रणाली को भी प्रभावित करती हैं। नालियों के जाम होने और गंदगी के कारण बरसात के मौसम में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए निगम का मुख्य लक्ष्य पटियाला को प्लास्टिक थैलियों से मुक्त करना है। उन्होंने कारोबारियों से इस अभियान में साथ देने की अपील की और स्पष्ट किया कि 10–12 दिनों के बाद निगम की ओर से इस संबंध में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नर परमवीर सिंह ने भी कारोबारियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्लास्टिक की जगह कागज, जूट या अन्य बायोडिग्रेडेबल वस्तुओं के थैले इस्तेमाल करना शुरू करें। उन्होंने कहा कि अगर शहर के व्यापारी इस अभियान से जुड़ेंगे तो आम लोग भी इसमें सहयोग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति प्लास्टिक थैलों का उपयोग जारी रखेगा तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक के दौरान कारोबारियों ने भी विशेष रूप से इस अभियान में योगदान देने का वादा किया और कहा कि वे पर्यावरण अनुकूल सामग्री को अपनाकर पटियाला को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग देंगे।
बैठक के अंत में मेयर और कमिश्नर ने सभी पटियालावासियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझें और प्लास्टिक का उपयोग छोड़कर शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के इस मिशन में भागीदार बनें। इसके साथ ही सभी लोग सब्ज़ी, राशन, फल आदि लाने के लिए कपड़े या जूट के थैले प्रयोग में लाएँ।






