हिसार, 28 दिसंबर 2025: भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला टाउन प्लानर विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) गिरीश कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पेटवाड़ गांव निवासी सुमित की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता सुमित ने आरोप लगाया कि JE गिरीश कुमार उसकी पीवीसी शीट पैनल की दुकान को अवैध बताकर तोड़ने की धमकी दे रहा था और कार्रवाई रोकने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। सुमित के अनुसार, 23 दिसंबर की शाम JE उसकी दुकान पर पहुंचा और अधिकारी होने का हवाला देते हुए माप-तौल शुरू कर दी।
पूछताछ के दौरान JE ने दुकान को गैर-कानूनी बताते हुए नोटिस जारी करने और तोड़फोड़ की कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद उसने कार्रवाई रोकने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ। सुमित ने फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली और एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी JE को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।






