शिमला, 27 दिसंबर 2025: हिमाचल प्रदेश में रेज़िडेंट डॉक्टरों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल शिमला में वायरल हुए एक वीडियो के बाद रेज़िडेंट डॉक्टर डॉ. राघव निरूला की सेवाएं समाप्त किए जाने के विरोध में की जा रही है। इससे पहले शुक्रवार को डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर गए थे।
रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) के आह्वान पर प्रदेश के लगभग सभी सरकारी अस्पतालों में हड़ताल का असर दिखा। अधिकांश जगहों पर ओपीडी सेवाएं बंद रहीं, जबकि कुछ अस्पतालों में सीमित संख्या में डॉक्टर उपलब्ध रहे। शिमला सहित अन्य जिलों के रेज़िडेंट डॉक्टरों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया।
आईजीएमसी शिमला के RDA अध्यक्ष डॉ. सोहिल शर्मा ने कहा कि उनकी एकमात्र मांग डॉ. राघव निरूला की बर्खास्तगी को वापस लेना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पूरी जांच के 48 घंटे के भीतर की गई बर्खास्तगी से पूरे मेडिकल समुदाय में डर और असंतोष का माहौल बना है।
डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांग नहीं मानती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।






