रोडवेज बस ट्रॉले से टकराई, चार यात्री घायल
यमुनानगर 27 दिसंबर 2025: घने कोहरे के चलते हरियाणा रोडवेज की एक बस यमुनानगर में सड़क पर खड़े ट्रॉले से टकरा गई। इस हादसे में बस को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि चार यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस चालक ने बताया कि वह सुबह करीब 7:10 बजे यमुनानगर बस स्टैंड से कैथल के लिए रवाना हुआ था। जब बस औरंगाबाद के पास पहुंची तो सड़क पर खड़े एक ट्रॉले से टकरा गई, जो घने कोहरे के कारण दिखाई नहीं दिया। चालक के अनुसार ट्रॉले पर कोई रिफ्लेक्टिव टेप या चेतावनी संकेत नहीं लगे थे, जिस वजह से समय रहते उसे देखा नहीं जा सका।
हादसे के बाद घायल यात्रियों को निजी वाहन के जरिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चालक ने कहा कि घना कोहरा हादसे की मुख्य वजह बना है और सड़क पर बिना सुरक्षा संकेतों के खड़े ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
गौरतलब है कि कोहरे के कारण इस तरह के सड़क हादसे लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। हालांकि इस मामले में बस की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इसके बावजूद कई यात्री घायल हुए और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।






