सांबा (जम्मू और कश्मीर) 25 दिसंबर 2025: जम्मू और कश्मीर के सांबा जिले में एक सैन्य कैंप के अंदर गोलीबारी की गंभीर घटना सामने आई है। इस गोलीबारी में सेना के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) सुरजीत सिंह की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी बुधवार को एक रक्षा प्रवक्ता ने साझा की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सामने आने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी। रक्षा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि इस घटना के पीछे किसी भी तरह का आतंकवादी एंगल नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार सैन्य कैंप के भीतर ड्यूटी चार्ट को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान हुए झगड़े में एक सिपाही पारुल शर्मा ने कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। बताया जा रहा है कि सिपाही ने अपनी सर्विस राइफल से 5 से 6 राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली JCO सुरजीत सिंह को लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद से आरोपी सिपाही पारुल शर्मा फरार बताया जा रहा है। सेना और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। मामले की गहन जांच जारी है।






